कश्मीर के बर्फीले सीमावर्ती इलाकों में हेली सेवा जल्द, गुरेज में ट्रायल रन हुआ

अधिकारी ने बताया कि यह सेवा आपात स्थिति के दौरान हवाई संपर्क उपलब्ध कराने की व्यवहार्यता का आकलन करने के लिए शुरू की गई है।

श्रीनगर, 23 जनवरी : जम्मू-कश्मीर सरकार बर्फ से ढके इलाकों में संपर्क सुनिश्चित करने के लिए गुरेज, करनाह और तंगधार सहित दूरदराज के इलाकों में हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है।

एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी-कश्मीर न्यूज ऑब्जर्वर (केएनओ) को बताया कि एक निजी जेट सर्व एविएशन कंपनी ने आज गुरेज घाटी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का ट्रायल रन किया।

उन्होंने बताया कि गुरेज के बागटोर इलाके में यह ट्रायल रन किया गया तथा बागटोर, बदुआब, दावर और बदूगाम गांवों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा जल्द ही शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि करनाह और तंगधार समेत अन्य बर्फीले इलाकों में भी इसी तरह के ट्रायल किए जाएंगे।

अधिकारी ने बताया कि यह सेवा आपात स्थिति के दौरान हवाई संपर्क उपलब्ध कराने की व्यवहार्यता का आकलन करने के लिए शुरू की गई है।

अधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर सेवा मुख्य रूप से मरीजों, सरकारी कर्मचारियों तथा छात्रों सहित अन्य को आपातकालीन स्थिति में निकालने के काम आएगी।

भारी बर्फबारी के कारण इन क्षेत्रों में आवागमन प्रतिबंधित हो गया है, क्योंकि बांदीपुरा-गुरेज़, कुपवाड़ा-तंगधार और करनाह-चौकीबाल सड़कें बंद हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ