इस पहल का मकसद उन कश्मीरी बच्चों को बेहतर तालीम और मुक़ाबले का बराबर मौका देना है, जिनके घरों के हालात उन्हें महंगी कोचिंग और शहरों में रहकर तैयारी करने की इजाज़त नहीं देते। कार्यक्रम के तहत IIT-JEE और NEET की तैयारी करने वाले जरूरतमंद और होनहार विद्यार्थियों को कोचिंग के साथ-साथ हॉस्टल, मेस और पढ़ाई का जरूरी सामान भी मुफ्त मुहैया कराया जा रहा है।
चिनार सेंटर की यह पहल आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड , भारतीय सेना और राष्ट्रीय अखंडता और शैक्षिक विकास संगठन के संयुक्त प्रयास का हिस्सा है। इस साझेदारी के जरिए विद्यार्थियों को ऐसा माहौल देने की कोशिश की जा रही है, जहां वे आर्थिक परेशानियों की फिक्र से दूर रहकर अपनी पढ़ाई और भविष्य पर पूरी तवज्जो दे सकें।
कश्मीर में कई ऐसे परिवार हैं जहां बच्चे पढ़ने में बेहद ज़हीन होते हैं, मगर घर की आमदनी सीमित होने की वजह से उन्हें निजी कोचिंग संस्थानों की भारी फीस, हॉस्टल और रोजमर्रा के खर्चों का बोझ उठाना मुश्किल होता है। खासकर मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए लंबे समय तक चलने वाली कोचिंग गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए एक बड़ा आर्थिक चैलेंज बन जाती है। ऐसे में मंसबल का यह सेंटर इन विद्यार्थियों के लिए एक अहम सहारा बनकर सामने आया है।
मुफ्त आवासीय व्यवस्था इस पहल की सबसे खास बात मानी जा रही है। विद्यार्थियों को सिर्फ किताबों और क्लासरूम तक सीमित सुविधा नहीं, बल्कि रहने और खाने की व्यवस्था भी प्रदान की जा रही है। इससे उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा और बच्चे एक मुकम्मल शैक्षणिक माहौल में अपनी तैयारी कर सकेंगे।
स्थानीय स्तर पर इस पहल को कश्मीर के नौजवानों के लिए एक सकारात्मक पैगाम के तौर पर देखा जा सकता है। खासकर उन विद्यार्थियों के लिए, जिनके दिल में डॉक्टर या इंजीनियर बनने का ख्वाब तो है, मगर साधन कम हैं। ऐसे बच्चों के लिए यह पहल इस बात का एहसास दिलाती है कि मेहनत, काबिलियत और सही रहनुमाई के जरिए बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
भारतीय सेना की इस पहल में साझेदारी का एक अहम पहलू यह भी है कि शिक्षा को युवाओं की तरक्की और समाज की बेहतरी का जरिया बनाया जा रहा है। कश्मीर में तालीम को लेकर पहले से मौजूद जज़्बे को अगर सही संसाधनों और मार्गदर्शन के साथ जोड़ा जाए तो यहां से निकलने वाले नौजवान मुल्क के नामवर मेडिकल और इंजीनियरिंग संस्थानों तक पहुंच सकते हैं।
मंसबल का यह प्रयास सिर्फ एक कोचिंग सेंटर तक महदूद नहीं है, बल्कि उन गरीब और जरूरतमंद कश्मीरी परिवारों के लिए उम्मीद का दरवाज़ा खोलता है, जिनके बच्चे अपनी काबिलियत के बावजूद आर्थिक मजबूरियों से जूझते रहे हैं। IIT और NEET जैसी परीक्षाओं में कामयाबी हासिल करने वाले विद्यार्थी न सिर्फ अपने घरों का मुस्तकबिल बदल सकते हैं, बल्कि अपने गांव और पूरे समाज के लिए मिसाल भी बन सकते हैं।
ऐसे में मंसबल का चिनार सेंटर उन नौजवानों के लिए एक नई राह बनकर उभर रहा है, जो सीमित साधनों के बावजूद बड़े ख्वाब देखने का हौसला रखते हैं। मुफ्त तालीम, मुकम्मल रहनुमाई और मेहनत का यह संगम कश्मीर के कई घरों में डॉक्टर और इंजीनियर बनने के ख्वाब को हकीकत में बदलने की बुनियाद रख सकता है।


0 टिप्पणियाँ