जानकारी के मुताबिक, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक फॉर वुमन, श्रीनगर ने ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, रेडिसन होटल्स और इकोटूरिज्म एसोसिएशन ऑफ कश्मीर के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इन समझौतों का मकसद ट्रैवल, टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही छात्राओं को बेहतर प्रशिक्षण, उद्योग से सीधा जुड़ाव और व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
इस पहल के तहत छात्राओं को सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से भी रूबरू कराया जाएगा। होटल प्रबंधन, ट्रैवल ऑपरेशन, ग्राहक सेवा, इको-टूरिज्म और अन्य संबंधित क्षेत्रों में विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनकी पेशेवर क्षमता में इजाफा होगा।
कश्मीर अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, मेहमाननवाजी और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए दुनिया भर में मशहूर है। बीते कुछ वर्षों में पर्यटन क्षेत्र में तेजी से विकास देखने को मिला है और इसके साथ ही प्रशिक्षित युवाओं की मांग भी बढ़ी है। ऐसे में महिला पॉलिटेक्निक श्रीनगर की यह पहल बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि इससे स्थानीय छात्राओं को आधुनिक उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सकेगा।
मुकामी लोगों और शिक्षा जगत से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि यह समझौता तालीम और रोजगार के बीच एक मजबूत पुल का काम करेगा। अब छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ इंटर्नशिप, इंडस्ट्रियल विजिट और रोजगार के बेहतर अवसर भी मिल सकेंगे। इससे उनकी पेशेवर समझ मजबूत होगी और वे आत्मविश्वास के साथ अपने करियर की शुरुआत कर पाएंगी।
खास बात यह है कि यह पहल कश्मीर की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो सकती है। आज के दौर में कौशल आधारित शिक्षा की अहमियत लगातार बढ़ रही है और ऐसे कार्यक्रम युवाओं को बदलते समय के साथ कदम मिलाकर चलने में मदद करते हैं। हुनर और आधुनिक प्रशिक्षण से लैस छात्राएं न केवल अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकेंगी, बल्कि समाज में भी सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगी।
पर्यटन क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि जब स्थानीय युवाओं, खासकर महिलाओं को उद्योग से जोड़कर प्रशिक्षित किया जाता है, तो इसका फायदा पूरे पर्यटन तंत्र को मिलता है। इससे पर्यटकों को बेहतर सेवाएं मिलती हैं, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। इको-टूरिज्म जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की भागीदारी पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को भी बढ़ावा देती है।
वुछिव, आज का कश्मीर तेजी से बदल रहा है। यहां की बेटियां तालीम, खेल, विज्ञान और कारोबार हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रही हैं। महिला पॉलिटेक्निक श्रीनगर द्वारा उठाया गया यह कदम इसी बदलते कश्मीर की तस्वीर पेश करता है, जहां युवाओं को बेहतर अवसर, आधुनिक शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की नई राहें मिल रही हैं।
यकीनन, यह पहल कश्मीर के नौजवानों, खासकर बेटियों के लिए उम्मीद की एक नई किरण है। तालीम, हुनर और उद्योग के इस संगम से न केवल छात्राओं का भविष्य रोशन होगा, बल्कि यह पूरे कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका अदा करेगा। आने वाले समय में इस तरह की पहलें एक आत्मनिर्भर, विकसित और खुशहाल कश्मीर के निर्माण में मील का पत्थर साबित हो सकती हैं।


0 टिप्पणियाँ