
साइक्लोथॉन के दौरान पूरी फिज़ा उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता से सराबोर नजर आई। हाथों में साइकिल और दिलों में नए सपने लिए नौजवानों ने यह पैगाम दिया कि कश्मीर का युवा अब तरक्की, सेहत, खेल और बेहतर मुस्तकबिल की राह पर आगे बढ़ रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि साइकिल चलाना महज एक खेल नहीं, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल एक अहम जरिया-ए-सफर है, जो बेहतर सेहत के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी अहम किरदार अदा करता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी बढ़ाने की अपील की।
दूसरी तरफ, जब कश्मीर में नौजवान खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए अपने भविष्य को संवारने में मशगूल हैं, वहीं पीओजेके के विभिन्न इलाकों से विरोध-प्रदर्शनों और जन असंतोष की तस्वीरें सामने आती रही हैं। वहां के लोग बुनियादी सुविधाओं, महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ सड़कों पर उतरने को मजबूर दिखाई देते हैं।
एक तरफ कश्मीर की वादी में युवा साइकिल चलाकर स्वास्थ्य, पर्यावरण और राष्ट्रीय विकास का संदेश दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ पीओजेके में प्रदर्शन और नाराजगी का माहौल वहां की जमीनी हकीकत को उजागर करता है। यह विरोधाभास दोनों क्षेत्रों के युवाओं के सामने मौजूद अवसरों और परिस्थितियों के अंतर को साफ तौर पर दर्शाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं। इससे न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है बल्कि नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है। जम्मू-कश्मीर में लगातार आयोजित हो रहे ऐसे कार्यक्रम इस बात का संकेत हैं कि यहां के नौजवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के लिए नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
साइक्लोथॉन जैसे आयोजन इस बदलते कश्मीर की तस्वीर पेश करते हैं, जहां युवा अपनी मेहनत, लगन और काबिलियत के दम पर नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार हैं। यह कार्यक्रम केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि आत्मविश्वास, एकता, पर्यावरण जागरूकता और युवा सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर उभरा है।
कश्मीर का नौजवान आज बदलाव का प्रतीक है। वह खेल के मैदान से लेकर शिक्षा, नवाचार और सामाजिक विकास तक हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। यही है नए कश्मीर की तस्वीर, जहां युवा शक्ति ही सबसे बड़ी ताकत है।

0 टिप्पणियाँ