गणतंत्र दिवस से पहले कश्मीर घाटी में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

कश्मीर में मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह यहां बख्शी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा और स्टेडियम के उत्तर और दक्षिण दोनों तरफ दोनों गेटों पर सुरक्षा बैरिकेड्स लगाए गए हैं।

श्रीनगर, 22 जनवरी : घाटी में गणतंत्र दिवस समारोह को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए कश्मीर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मी इलाके की तलाशी और नियंत्रण अभ्यास कर रहे हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कश्मीर में मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह यहां बख्शी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा और स्टेडियम के उत्तर और दक्षिण दोनों द्वारों पर सुरक्षा बैरिकेड्स लगाए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि शहर और अन्य जिला मुख्यालयों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है, जबकि श्रीनगर में विभिन्न स्थानों पर, विशेषकर शहर और अन्य जिलों के प्रवेश बिंदुओं पर चौकियां स्थापित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल विध्वंसकारी तत्वों की गतिविधियों को विफल करने के लिए वाहनों की आकस्मिक जांच और लोगों की तलाशी ले रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यहां स्टेडियम सहित घाटी में गणतंत्र दिवस समारोह स्थलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आयोजन स्थलों के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और किसी को भी कानून-व्यवस्था में खलल डालने तथा शांति भंग करने की इजाजत नहीं देने को कहा गया है।

कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक वीके बिरदी ने कहा, "26 जनवरी के लिए सुरक्षा तैयारियां जोरों पर हैं। बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी ताकि लोग समारोह और परेड का आनंद उठा सकें।"

कश्मीर के संभागीय आयुक्त वीके भिधुरी ने कहा कि इस वर्ष के समारोहों की व्यवस्था पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर होगी।

भिधुरी ने बताया कि पिछले साल गणतंत्र दिवस समारोह में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर बेहतर गुणवत्ता वाली एलईडी स्क्रीन लगाने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि पिछले साल की तरह इस बार भी समारोह में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ