मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में सड़क, रेल संपर्क में बदलाव किया : तरुण चुघ

उन्होंने कहा कि नया रेलवे डिवीजन जम्मू-कश्मीर में आवागमन, माल ढुलाई, व्यापार और नौकरियों को बढ़ावा देगा

जम्मू, 06 जनवरी : भाजपा के तरुण चुघ ने सोमवार को कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर को अवसर और विकास के क्षेत्र में बदल दिया है तथा वहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा किया है।

बहुआयामी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए चुघ ने इस बात पर जोर दिया कि एक नए रेलवे डिवीजन की स्थापना और बारामूला तक रेल नेटवर्क के विस्तार से केंद्र शासित प्रदेश में आवागमन, माल ढुलाई, व्यापार के अवसर और रोजगार सृजन में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

चुघ ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में सड़क तथा रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करके विकास के युग की शुरुआत की है, जिससे पर्यटन को सीधे बढ़ावा मिला है। उनके दूरदर्शी दृष्टिकोण ने उदार वित्तपोषण और रणनीतिक योजना के माध्यम से जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद की राजधानी से पर्यटन की राजधानी में बदल दिया है।"

उन्होंने कहा कि नये रेलवे डिवीजन के उद्घाटन से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर पैदा होंगे तथा व्यापार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बहुत जरूरी बढ़ावा मिलेगा।

चुघ ने कहा, "सड़क और रेल नेटवर्क के विकास ने न केवल आवागमन के अनुभव को बेहतर बनाया है, बल्कि गंतव्यों के बीच माल की आवाजाही में भी सुधार किया है, जिससे लागत तथा परिवहन समय में कमी आई है।" उन्होंने कहा कि फलों और सब्जियों जैसे जल्दी खराब होने वाले सामानों के कुशल परिवहन से जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा तथा विभिन्न शहरों में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में स्थिरता आएगी, खासकर चुनौतीपूर्ण समय के दौरान।

परियोजना की आर्थिक संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए चुघ ने कहा, "40,000 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश के साथ रेल नेटवर्क जम्मू और श्रीनगर के विकास को दो आर्थिक केंद्रों के रूप में बढ़ावा देगा, व्यवसायों के लिए नए रास्ते खोलेगा तथा मौजूदा उद्यमों को गति देगा। इसके अतिरिक्त, विभिन्न ट्रेन स्टॉप पर कई छोटे व्यवसाय केंद्र उभरेंगे, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को और बढ़ावा मिलेगा।"

जम्मू और कश्मीर के समग्र विकास के लिए मोदी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता से इस क्षेत्र को ठोस लाभ मिल रहा है और यह अभूतपूर्व विकास तथा समृद्धि के पथ पर अग्रसर हो रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ