मुगल रोड कल यातायात के लिए खुलने की संभावना : अधिकारी

शोपियां, पुंछ से बर्फ हटाने का काम पूरा हो गया है

श्रीनगर, 31 दिसम्बर : अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो कल मुगल रोड को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग ने शोपियां तथा पुंछ दोनों तरफ से बर्फ हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।अधिकारियों ने बताया, "पुंछ की ओर से पीर की गली तक मुगल रोड पर बर्फ हटाने का आवश्यक काम पूरा हो गया है। इससे पहले रविवार शाम को अधिकारियों ने शोपियां की ओर से पीर की गली तक बर्फ हटा दी थी।"

राजौरी तथा पुंछ जिलों को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण मुगल रोड शुक्रवार को ताजा बर्फबारी के बाद बंद हो गई थी, जबकि जम्मू-कश्मीर मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग ने शोपियां की तरफ से बर्फ हटाने का काम रविवार शाम को पूरा कर लिया था। विभाग ने पुंछ की तरफ से भी बर्फ हटाने का काम सोमवार दोपहर को पूरा कर लिया है।

एमईडी के सहायक अभियंता तारिक महमूद ने बताया कि सिंगल लेन के आधार पर सड़क की सतह से बर्फ हटाने के बाद, विभाग के लोग तथा मशीनरी अब दो लेन के आवागमन के लिए सड़क को चौड़ा करने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बर्फ हटाने वाली मशीनरी सोमवार दोपहर पुंछ की ओर से पीर की गली पहुंच गई है, जहां शोपियां की मशीनरी पहले से ही मौजूद है, जिन्होंने रविवार देर शाम बर्फ हटाने का काम पूरा कर लिया था।

सुरनकोट के सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) फारूक खान नाजकी ने कहा कि अगर मौसम साफ रहा तो मंगलवार को मुगल रोड को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

एसडीएम ने कहा, "पीर की गली तक सड़क पर जमी बर्फ को साफ कर दिया गया है और मौसम साफ रहने पर कल सुबह तक सड़क बहाल होने की उम्मीद है।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ