कश्मीर बनेगा विश्व सिनेमा का नया मंच: पहली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आगाज़



जम्मू-कश्मीर में कला, संस्कृति और रचनात्मकता के एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। 7 से 10 सितंबर 2026 तक जम्मू-कश्मीर अपने पहले International Film Festival of Jammu & Kashmir (IFFJK) की मेजबानी करने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित आयोजन श्रीनगर, जम्मू और गुलमर्ग में आयोजित होगा और दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, कलाकारों तथा सिनेमा से जुड़े लोगों को जम्मू-कश्मीर की खूबसूरत धरती से जोड़ने का एक नया मंच प्रदान करेगा।

इस फिल्म महोत्सव की सबसे खास बात यह है कि इसे दुनिया भर से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। 80 से अधिक देशों से फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त होना इस बात का संकेत है कि जम्मू-कश्मीर अब केवल अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए ही नहीं बल्कि कला, संस्कृति और सिनेमा के क्षेत्र में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित कर रहा है।

कश्मीर की वादियों का सिनेमा से रिश्ता कोई नया नहीं है। बर्फ से ढके पहाड़, शांत झीलें, हरे-भरे मैदान और गांवों की सादगी दशकों से फिल्मकारों को आकर्षित करती रही है। लेकिन IFFJK इस रिश्ते को एक नई दिशा देने की कोशिश है। इसका मकसद जम्मू-कश्मीर में फिल्म निर्माण की संस्कृति को फिर से मजबूत करना, स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देना और प्रदेश को एक प्रमुख cinematic तथा tourism destination के रूप में स्थापित करना है।

इस महोत्सव में स्थानीय युवाओं और उभरते फिल्मकारों के लिए विशेष अवसर भी रखा गया है। Emerging Filmmakers Competition विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर के aspiring filmmakers के लिए शुरू किया गया है। यह पहल उन युवाओं के लिए एक बड़ा मंच बन सकती है जिनके पास कहने के लिए अपनी कहानी है लेकिन उसे बड़े दर्शकों तक पहुंचाने के साधन सीमित हैं।

कश्मीर के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के कलाकार संगीत, फोटोग्राफी, थिएटर, लेखन और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं। ऐसे में फिल्म महोत्सव उन्हें अपनी रचनात्मक सोच को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देगा। हो सकता है कि इसी मंच से आने वाले समय के नए निर्देशक, अभिनेता, लेखक और सिनेमैटोग्राफर अपनी यात्रा शुरू करें।

IFFJK का प्रभाव केवल फिल्मों तक सीमित नहीं रहेगा। श्रीनगर, जम्मू और गुलमर्ग जैसे स्थानों में अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की मौजूदगी पर्यटन को भी नई गति दे सकती है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले फिल्मकार जब यहां की संस्कृति, विरासत और प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखेंगे तो जम्मू-कश्मीर की एक नई सकारात्मक तस्वीर दुनिया तक पहुंच सकती है।

एक शांत और प्रगतिशील जम्मू-कश्मीर में सिनेमा केवल मनोरंजन नहीं बल्कि संवाद, रोजगार, पर्यटन और रचनात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम बन सकता है। IFFJK इसी बदलते कश्मीर की कहानी को दुनिया के सामने रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जहां कभी कैमरे केवल कश्मीर की खूबसूरती रिकॉर्ड करने आते थे, अब कश्मीर खुद अपनी कहानियां दुनिया को सुनाने के लिए तैयार है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ