जम्मू-कश्मीर के अरविंदर सिंह ने एशियन पेंचक सिलाट में जीता कांस्य पदक

 

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस के होनहार खिलाड़ी अरविंदर सिंह ने वियतनाम में आयोजित 10वीं सीनियर एशियन पेंचक सिलाट चैंपियनशिप 2026 में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर पूरे मुल्क, जम्मू-कश्मीर और जे एंड के पुलिस का सर फ़ख्र से बुलंद कर दिया है।

एशिया के बेहतरीन पेंचक सिलाट खिलाड़ियों के बीच खेले गए इस प्रतिष्ठित मुकाबले में अरविंदर सिंह ने शानदार जज़्बा, बेहतरीन तकनीक और मजबूत इरादों का मुज़ाहिरा करते हुए पोडियम तक अपना सफर तय किया। उनकी इस कामयाबी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और हौसले के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी बुलंद मुकाम हासिल किया जा सकता है।

चैंपियनशिप में वियतनाम ने स्वर्ण पदक, फिलीपींस ने रजत पदक हासिल किया, जबकि भारत के अरविंदर सिंह और कज़ाख़स्तान के खिलाड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। एशिया के सबसे कठिन मुकाबलों में पदक जीतना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

अरविंदर सिंह की यह सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के लिए भी गर्व का लम्हा है। पुलिस बल लगातार अपने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करा रहा है, जिसका नतीजा आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाई दे रहा है।

यह उपलब्धि जम्मू-कश्मीर के नौजवानों के लिए भी एक मजबूत पैग़ाम है कि अगर इरादा पक्का हो और मेहनत सच्ची हो तो दुनिया का कोई भी मंच दूर नहीं। अरविंदर की यह कामयाबी आने वाली नस्ल के खिलाड़ियों को बड़े ख्वाब देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला देती है।

इस शानदार कामयाबी पर पुलिस महानिरीक्षक (सशस्त्र), श्री वी. के. बिरदी, आईपीएस ने अरविंदर सिंह को मुबारकबाद पेश करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बेहतरीन कारगुज़ारी से मुल्क और पुलिस बल का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि अरविंदर की मेहनत, लगन और जज़्बा नौजवान खिलाड़ियों के लिए मिसाल है और यह कामयाबी उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेगी।

अरविंदर सिंह का यह कांस्य पदक भारत में पेंचक सिलाट खेल के बढ़ते स्तर और जम्मू-कश्मीर की खेल प्रतिभाओं की नई पहचान का भी सबूत है। उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि आने वाले वर्षों में प्रदेश के और अधिक खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने के लिए प्रेरित करती रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ