कटरा दौरे के दौरान पीएम मोदी 46,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे


जम्मू, 06 जून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जून को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से श्रीनगर के बीच चलने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे, जो उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेलवे लाइन (यूएसबीआरएल) परियोजना के पूरा होने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

यह ट्रेन घाटी को शेष भारत से जोड़ने वाली पहली सीधी वंदे भारत सेवा होगी। इसके उद्घाटन से पहले श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और श्रीनगर रेलवे स्टेशनों को उत्सवमय माहौल में सजाया गया है।

प्रधानमंत्री अपनी जम्मू-कश्मीर यात्रा के दौरान 46,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें यूएसबीआरएल परियोजना और कटड़ा से श्रीनगर के लिए पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाना शामिल है।

पीएम मोदी चिनाब रेल ब्रिज और अंजी खाद ब्रिज जैसे अभियांत्रिकी के चमत्कारों का भी निरीक्षण करेंगे। चिनाब ब्रिज नदी तल से 359 मीटर ऊंचा दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है, जबकि अंजी ब्रिज भारत का पहला केबल-स्टेड रेलवे ब्रिज है।

एक्स पर साझा एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा, “6 जून जम्मू-कश्मीर के मेरे भाइयों और बहनों के लिए विशेष दिन होगा। 46,000 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालेगा।” उन्होंने यूएसबीआरएल परियोजना को “वास्तुकला की असाधारण उपलब्धि” बताते हुए कहा कि यह हर मौसम में कश्मीर को जोड़ने और पर्यटन व रोजगार के नए रास्ते खोलने में सहायक होगी।

1997 में शुरू हुई यह 272 किलोमीटर लंबी परियोजना अब पूरी तरह से चालू हो चुकी है। इसमें 36 सुरंगें और 943 पुल शामिल हैं, जिनमें भारत की सबसे लंबी रेलवे सुरंग टी-50 (12.7 किमी) भी शामिल है।

कटड़ा से श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को कश्मीर की जलवायु के अनुसार विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है। इसमें हीटिंग सिस्टम, डिफ्रॉस्टिंग विंडशील्ड, इंसुलेटेड बायो-टॉयलेट और पारंपरिक कश्मीरी शाकाहारी भोजन जैसी सुविधाएं होंगी। यह ट्रेन प्रतिदिन दो जोड़ी ट्रेनों के रूप में चलेगी, जो कुल चार फेरे लगाएगी, जिससे तीर्थयात्रा और पर्यटन को नई गति मिलेगी।