उधमपुर, 4 नवंबर: जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) उत्तरी कमान, लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को सेना के ऑपरेशन सद्भावना के तहत प्रायोजित आर्मी पब्लिक स्कूल ब्यास में पढ़ रहे जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख के छात्रों के साथ बातचीत की।
सेना के एक प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा कि छात्र शरद ऋतु की छुट्टी के बाद स्कूल वापस आ रहे है। इस दौरान उन्हें सेना कमांडर से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने छात्रों को भविष्य में उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया।भारतीय सेना राष्ट्र निर्माण में एक प्रमुख योगदानकर्ता है तथा सेना की उत्तरी कमान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में खासकर युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में लोगों के सशक्तिकरण के प्रयासों का नेतृत्व कर रही है। ऑपरेशन सद्भावना के तहत भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के 117 छात्रों को आर्मी पब्लिक स्कूल, ब्यास, पंजाब में शिक्षा के लिए प्रायोजित किया है।
सेना के प्रवक्ता ने यह भी बताया कि छात्रों को संबोधित करते हुए सेना कमांडर ने उन लोगों को भी बधाई दी जो अपने-अपने कार्य क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने छात्रों को राष्ट्र निर्माण के लिए राष्ट्र का आधार बनने के लिए प्रेरित किया।
आगे उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में उच्च शिक्षा के लिए 1000 से अधिक छात्रों और माध्यमिक शिक्षा के लिए 136 छात्रों को प्रायोजित किया गया था। ऑपरेशन सद्भावना के तहत विभिन्न विश्वविद्यालयों और स्कूलों में प्रवेश दिया जा रहा है तथा भारतीय सेना भविष्य में भी ऐसे छात्रों का समर्थन हमेशा करती रहेगी।


0 टिप्पणियाँ