राजौरी, 04 नवंबर (आईएएनएस)| जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट उपमंडल में शुक्रवार को भूस्खलन के कारण एक आवासीय घर ढह जाने से एक महिला और उसकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज तड़के बुफलियाज गांव के पास मिट्टी के साथ बड़े-बड़े बोल्डर नीचे की ओर लुढ़क कर नीचे आ गए जिसकी चपेट में आने से एक घर क्षतिग्रस्त हो गया ।
स्थानीय लोगो के अनुसार, "यह घटना राजौरी से सुरनकोट तक थानामंडी की सड़क के मरमत परियोजना की साइट पर हुई।" अधिकारियों ने बताया कि घटना के वक्त परिवार के कुल पांच में से तीन सदस्य घर में मौजूद थे। तीनों मलबे के नीचे फंस गए थे, उन्होंने कहा कि बुफलियाज शिविर से भारतीय सेना की तत्काल बचाओ दल और बेहरामगला चौकी की पुलिस टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद परिवार के तीनों सदस्यों को मलबे से बाहर निकाला गया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "उन सभी को उप जिला अस्पताल सुरनकोट ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनमें से दो की मौत हो गई, जबकि परिवार के एक सदस्य को गंभीर चोटों के साथ जीएमसी एसोसिएटेड अस्पताल राजौरी रेफर कर दिया गया।"
डिप्टी एसपी सुरनकोट तनवीर जिलानी के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद लतीफ की पत्नी नसीमा अख्तर (34) और उसकी बेटी रुबीना अख्तर (09) के रूप में की गई।
घायल मोहम्मद लतीफ पुत्र मोहम्मद हुसैन को एसडीएच सुरनकोट से जीएमसी एसोसिएटेड अस्पताल राजौरी रेफर किया गया है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
डिप्टी एसपी ने आगे कहा कि घटना स्थल पर अभी भी बचाव अभियान जारी है क्योंकि कुछ मवेशी मलबे के नीचे दबे हुए हैं।


0 टिप्पणियाँ