श्रीनगर, 22 अगस्त : सुरक्षाबलों ने रविवार रात को आतंकियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम बना दिया। पुलिस ने 10 से 12 किलोग्राम की एक आइईडी जब्त की।
रविवार देर शाम को दक्षिण कश्मीर के त्राल जिले में पुलिस को सूचना मिली की बेहगुंड क्षेत्र में आतंकियों ने 10 से 12 किलो की आइईडी लगाई गयी है। सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस और सेना के जवान क्षेत्र में पहुंच कर आइईडी का पता लगाने में जुट गए। कुछ देर में उन्होंने आइईडी का पता लगा लिया, आइईडी को निष्क्रिय करने के लिए बीडीएस की एक टीम भी मौके पर पहुंची जिसने उसे निष्क्रिय कर दिया। आतंकियों ने यह आइइडी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए लगाई थी।
कश्मीर जोन पुलिस के अनुसार आइईडी को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया। त्राल आतंकवाद से ग्रस्त क्षेत्र माना जाता था लेकिन सुरक्षाबलों ने इस पूरे क्षेत्र में आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाकर कइयों को ढेर कर दिया। अब भी आतंकी बीच-बीच में इस क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते सूचना मिलने पर बड़ी वारदात को होने से बच लिया गया।

0 टिप्पणियाँ