कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में कई जगह हुई बारिश

 

श्रीनगर: कश्मीर में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने रविवार से दो दिनों के दौरान व्यापक स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी का अनुमान जताया है।

अधिकारियों ने बताया कि कोकरनाग और पहलगाम को छोड़कर रविवार रात घाटी में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

श्रीनगर में शनिवार रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 1.7 डिग्री सेल्सियस से कम था।

उन्होंने कहा कि घाटी के प्रवेश द्वार वाले शहर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के नजदीकी शहर कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं कुपवाड़ा के कई क्षेत्रों में बर्फ़बारी भी हुई है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम पर्यटन स्थल में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था। 

गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात से एक डिग्री कम है।  मौसम विभाग ने कहा है कि रविवार से दो दिनों में बारिश और हिमपात होने की संभावना है।

रविवार शाम से सोमवार की सुबह तक कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगह बर्फ़बारी दर्ज की गयी। मौसम विभाग का अनुमान है की आने वाले सप्ताह में कश्मीर घाटी में बर्फ़बारी होने की सम्भावना है।  

कश्मीर घाटी वर्तमान में 40 दिनों की सबसे कठोर सर्दी की चपेट में है, जिसे 'चिल्ला-ए-कलां' के नाम से जाना जाता है, जो मंगलवार से शुरू हुआ है।'चिल्ला-ए-कलां' एक ऐसा समय है जब यह क्षेत्र शीत लहर की चपेट में आता  हैं और तापमान काफी गिर जाता है, जिससे यहां डल झील सहित जलाशयों के साथ-साथ घाटी के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति लाइनें भी जम जाती हैं।

इस अवधि के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है और अधिकांश क्षेत्रों में, विशेष रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में, भारी हिमपात होता है।'चिल्ला-ए-कलां' 31 जनवरी को खत्म हो जाएगा, लेकिन उसके बाद भी कश्मीर में 20 दिन तक चलने वाली 'चिल्लई-खुर्द' (छोटी ठंड) और 10 दिनों तक चलने वाली 'चिल्ला' के साथ शीत लहर जारी रहेगा।

Tag: Kashmir, Srinagar, Snowfall, Jammu Kashmir 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ