मिली जानकारी के मुताबिक, अनंतनाग के अल स्टॉप के पास NH-44 पर तैनात भारतीय सेना के जवानों ने एक नागरिक चालक मुबारक अहमद खांडे को अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझते देखा। बताया गया है कि मुबारक अहमद को संदिग्ध रूप से दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई।
हालात की नज़ाकत को समझते हुए सेना के जवानों ने बिना वक्त गंवाए फौरन मदद के लिए कदम बढ़ाया। जवानों ने मौके पर ही Cardiopulmonary Resuscitation (CPR) यानी हृदय और सांस संबंधी आपातकालीन प्रक्रिया शुरू की और उन्हें जरूरी प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। जवानों की इस फौरी कार्रवाई और समय पर दी गई मदद ने उनकी जान बचाने में अहम किरदार अदा किया।
यह वाकया एक बार फिर साबित करता है कि मुश्किल घड़ी में किसी की मदद के लिए आगे आना ही असल इंसानियत है। सेना के जवान जहां मुल्क की हिफाजत के लिए अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं, वहीं आम नागरिकों की सुरक्षा और खिदमत के लिए भी हमेशा तत्पर रहते हैं। वादी में इस तरह के मानवीय प्रयास जनता और सुरक्षा बलों के बीच भरोसे तथा आपसी ताल्लुकात को और मजबूत बनाते हैं।
इस घटना से कश्मीर के नौजवानों और आम लोगों के लिए भी एक अहम पैगाम निकलता है कि जिंदगी की हिफाजत से बढ़कर कोई खिदमत नहीं। किसी इंसान को मुसीबत में देखकर उसकी मदद के लिए आगे आना, वक्त पर चिकित्सा सहायता दिलाना और जरूरतमंद का सहारा बनना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।
साथ ही, यह घटना CPR और बुनियादी प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी की अहमियत को भी उजागर करती है। दिल का दौरा या अचानक कार्डियक अरेस्ट जैसी आपातकालीन स्थिति में समय पर चिकित्सा सहायता बेहद महत्वपूर्ण होती है। आम नागरिकों, युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों को भी प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
भारतीय सेना के जवानों की यह फौरी कार्रवाई सिर्फ एक व्यक्ति की मदद तक महदूद नहीं, बल्कि इंसानियत, सेवा और जिम्मेदारी का एक खूबसूरत पैगाम है। वाकई, वर्दी की असली शान सिर्फ सरहदों की हिफाजत में नहीं, बल्कि जरूरत के वक्त इंसानियत के लिए हाथ बढ़ाने में भी दिखाई देती है।


0 टिप्पणियाँ