यह कार्यक्रम सिर्फ एक बैठक या चर्चा तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका मकसद युवाओं को अपनी जिम्मेदारी समझाना और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव का हिस्सा बनाना था। कार्यक्रम के दौरान नशे की समस्या से मुकाबला करने के लिए सामूहिक प्रयास, युवा नेतृत्व और सामाजिक भागीदारी की अहमियत सामने आई।
दरअसल, नशा किसी एक इंसान की जिंदगी को ही तबाह नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। एक नौजवान, जिसके कंधों पर अपने परिवार की उम्मीदें और अपने इलाके के मुस्तकबिल की जिम्मेदारी होती है, अगर नशे की गिरफ्त में आ जाए तो उसकी प्रतिभा, मेहनत और सपने धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकते हैं। यही वजह है कि आज जरूरत है कि कश्मीर का हर नौजवान अपने भविष्य को नशे से दूर रखे और तालीम, खेल, हुनर तथा रोजगार के रास्ते को अपनी पहली पसंद बनाए।
केरन जैसे सीमावर्ती इलाकों में इस तरह के कार्यक्रमों की अपनी खास अहमियत है। यहां के युवाओं में काबिलियत, मेहनत और आगे बढ़ने का जज़्बा मौजूद है। जरूरत है तो बस सही रहनुमाई, सकारात्मक अवसरों और समाज के सहयोग की। भारतीय सेना, माय भारत और स्थानीय संगठनों की इस संयुक्त पहल ने युवाओं तथा समुदाय के लोगों को एक साझा मंच प्रदान किया, जहां वे नशे के खिलाफ अपनी भूमिका पर विचार कर सकें।
इस मुहिम को कामयाब बनाने के लिए केवल सरकारी संस्थाओं या सुरक्षा बलों पर निर्भर रहना काफी नहीं होगा। मां-बाप, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, धार्मिक रहनुमा और स्थानीय नौजवानों को भी आगे आना होगा। अगर किसी युवा में नशे की लत के संकेत दिखाई दें तो उसे ताने देने या समाज से अलग करने के बजाय सही मार्गदर्शन और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है।
कश्मीर के नौजवानों के लिए पैगाम बिल्कुल साफ है—आपकी जिंदगी बेहद कीमती है। आपके ख्वाब, आपकी तालीम और आपकी मेहनत ही आपके परिवार और इस वादी के आने वाले कल की असली ताकत हैं। नशे को ना कहिए और अपने हुनर को पहचानिए।
केरन से उठी यह पहल पूरे कश्मीर के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि जब युवा, समाज और जिम्मेदार संस्थाएं एक साथ खड़ी होती हैं, तो बदलाव की राह मजबूत होती है। आइए, हम सब मिलकर ऐसा कश्मीर बनाने का संकल्प लें, जहां हर घर में शिक्षा की रोशनी हो, हर युवा के हाथ में हुनर हो और हर दिल में एक बेहतर मुस्तकबिल की उम्मीद हो।


0 टिप्पणियाँ