पीओजेके में बढ़ता तनाव! प्रदर्शनकारियों पर सख्ती के आरोप, चुनावों से पहले सवालों के घेरे में पाकिस्तान


पीओजेके से सामने आ रही तस्वीरें और वीडियो एक बार फिर वहां के हालात पर कई सवाल खड़े कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में वर्दी पहने पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लेते और ज़मीन पर दबोचते हुए देखा जा सकता है। इन दृश्यों के सामने आने के बाद इलाके में मानवाधिकारों और नागरिक स्वतंत्रताओं को लेकर बहस तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि ये प्रदर्शन कई महीनों से जारी उन शिकायतों का हिस्सा हैं जिनमें लोग अपने हक़ूक़, बेहतर ज़िंदगी और कथित तौर पर लापता किए गए लोगों के मामलों पर आवाज़ उठा रहे हैं। मगर इन आवाज़ों को सुनने के बजाय सख्ती का रास्ता अपनाए जाने के आरोप लग रहे हैं।

अवाम का कहना है कि उन्हें रोज़गार चाहिए, बेहतर तालीम चाहिए और अपने मसलों का हल चाहिए। लेकिन उनके मुताबित जवाब में उन्हें गिरफ़्तारियां, पूछताछ और दबाव का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि इलाके में बेचैनी बढ़ती नज़र आ रही है।

साहब, सवाल ये है कि अगर लोग अपने बुनियादी हक़ मांग रहे हैं तो उनकी बात सुनी क्यों नहीं जा रही? आखिर क्यों हर विरोध को सुरक्षा का मसला बनाकर देखा जा रहा है? इन सवालों का जवाब अभी तक साफ़ तौर पर सामने नहीं आया है।

इधर, पीओजेके में इसी महीने के आखिर में प्रस्तावित चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। विपक्षी हलकों और कुछ स्थानीय आवाज़ों का दावा है कि चुनाव ऐसे माहौल में हो रहे हैं जहां राजनीतिक गतिविधियों और अभिव्यक्ति की आज़ादी पर दबाव महसूस किया जा रहा है। उनका कहना है कि अगर जनता खुलकर अपनी राय न रख सके तो चुनावों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठ सकते हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की असली ताकत उसकी अवाम होती है। अगर लोगों की शिकायतों को दूर करने के बजाय उन्हें दबाने की कोशिश की जाए तो इससे नाराज़गी और अविश्वास बढ़ सकता है।

पीओजेके के मौजूदा हालात को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नज़रें टिकी हुई हैं। मानवाधिकारों की पैरवी करने वाले कई समूह लगातार यह मांग करते रहे हैं कि नागरिकों के शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का सम्मान किया जाए और किसी भी तरह के बल प्रयोग के आरोपों की निष्पक्ष जांच हो।

फिलहाल, इलाके में तनाव बरकरार है। अवाम अपने सवालों के जवाब चाहती है और दुनिया ये देख रही है कि आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाते हैं। क्या लोगों की आवाज़ सुनी जाएगी या फिर विरोध और सख्ती का ये सिलसिला यूं ही जारी रहेगा? यही वो सवाल है जिसका जवाब आने वाला वक्त देगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ