तरक़्क़ी या तसल्ली? गिलगित-बाल्टिस्तान में संसाधनों पर सियासत, लोगों में बेचैनी


गिलगित-बाल्टिस्तान से एक वीडियो सामने आई है जिसने वहां के हालात पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक ख़ातून खुलकर ये इल्ज़ाम लगाती नज़र आ रही हैं कि इलाक़े के साथ इंसाफ़ नहीं हो रहा, बल्कि उसे महज़ एक “संसाधनों का ज़रिया” समझ लिया गया है।

ख़ातून का कहना है कि इस इलाके की क़ीमती दौलत—चाहे वो पहाड़ हों, दरिया हों या खनिज—सब कुछ लिया जा रहा है, लेकिन बदले में लोगों को न तो बुनियादी सहूलतें मिल रही हैं, न ही असल मायनों में तरक़्क़ी। उनके लफ़्ज़ों में, “सब कुछ ले लिया जाता है, मगर वापस सिर्फ़ ख़ामोशी और कंट्रोल मिलता है।”

वीडियो में ये भी इल्ज़ाम लगाया गया कि स्थानीय लोगों की आवाज़ को दबाया जा रहा है और इलाक़े को सिर्फ़ इस्तेमाल के लिहाज़ से देखा जा रहा है। उनका कहना है कि अगर कोई इलाक़ा अपने संसाधन देता है लेकिन उसे न इज़्ज़त मिले, न हक़ूक़, और न तरक़्क़ी—तो इसे असली फ़ेडरेशन नहीं कहा जा सकता।

माहिरों का भी मानना है कि गिलगित-बाल्टिस्तान जैसे अहम इलाके में अगर स्थानीय आबादी को साथ लेकर विकास नहीं किया गया, तो नाराज़गी बढ़ना लाज़मी है।

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज़ हो गई है। कई लोग इसे “तरक़्क़ी के नाम पर शोषण” बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे सियासी नैरेटिव करार दे रहे हैं।

फिलहाल, ये मामला एक बार फिर ये सोचने पर मजबूर करता है कि क्या वाक़ई इलाके की दौलत का फ़ायदा वहां के लोगों तक पहुंच रहा है, या फिर ये सिर्फ़ काग़ज़ों और नारों तक ही महदूद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ