मकसद पर उठे सवाल: जिन्ना सेंटर की नई पहचान पर बहस


इस्लामाबाद में स्थित जिन्ना कन्वेंशन सेंटर को अचानक एक नए नाम से जाना जाने लगा है। इसे अब “इंटरनेशनल मीडिया ऑडिटोरियम” के तौर पर रीब्रांड किया गया है, ठीक उसी वक्त जब यहां अमेरिका और ईरान के दरमियान अहम बातचीत की खबरें सामने आ रही हैं।

बताया जा रहा है कि 11 अप्रैल 2026 को इस तब्दीली को अमल में लाया गया। लेकिन ये महज़ एक नाम की तब्दीली नहीं, बल्कि इसके पीछे की तारीख़ और इस जगह का माज़ी कई तरह के सवालात खड़े कर रहा है। जिन्ना कन्वेंशन सेंटर वही मकाम रहा है जहां पहले लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे तंजीमों से जुड़े लोगों की तकरीरें और इजलासात होने की बातें सामने आती रही हैं।

जानकारों का कहना है कि इस जगह का अतीत इसे एक संवेदनशील मुकाम बनाता है। ऐसे में जब इसे इंटरनेशनल मीडिया ऑडिटोरियम का नाम देकर बड़ी सियासी और कूटनीतिक मुलाकातों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है, तो ये कदम पाकिस्तान की नीयत और उसकी साख पर सवाल खड़े करता है।

माहिरीन के मुताबिक, सिर्फ नाम बदल देने से किसी जगह का माज़ी मिटाया नहीं जा सकता। ये भी कहा जा रहा है कि इस तरह की रीब्रांडिंग से दुनिया को एक अलग तस्वीर दिखाने की कोशिश की जा रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और बयां करती है।

दुनिया भर की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या ये तब्दीली वाकई एक नई शुरुआत है, या फिर ये सिर्फ एक सियासी चाल है ताकि पुराने दागों को छुपाया जा सके।

फिलहाल, ये मामला इंटरनेशनल सियासत और पाकिस्तान की विश्वसनीयता—दोनों के लिए एक अहम इम्तिहान बन गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ