सब-जूनियर महिला हॉकी टीम राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए रवाना


जम्मू, 30 जून : जम्मू और कश्मीर की सब-जूनियर महिला हॉकी टीम आज 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 में भाग लेने के लिए झारखंड की राजधानी रांची रवाना हो गई। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 3 जुलाई से 13 जुलाई तक आयोजित की जाएगी।

टीम का चयन 28 जून को जम्मू-कश्मीर खेल परिषद द्वारा आयोजित स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया गया, जिसकी निगरानी केके हक्कू स्टेडियम के प्रबंधक अजय गुप्ता, हॉकी कोच जोगिंदर कुमार और जगजीत सिंह, हॉकी जेएंडके के सचिव तेजिंदर सिंह, कार्यकारी सदस्य रॉबिन सिंह, सेवानिवृत्त मुख्य कोच चरणजीत सिंह तथा खेलो इंडिया मेंटर अंजलि ठाकुर ने की।

टीम में चयनित खिलाड़ियों में दिव्या शर्मा और राजन्यवीर कौर पांडे (गोलकीपर) के अलावा सिमरन, सलोनी, आरज़ू कोसर, अस्मा शाहीन, हईका बंदे, वंशिका देवी, प्राची, मनिक्षा देवी, शिवानी कुमारी, सिमरनजोत कौर, अक्षरा दत्ता, नाज़िया कोसर, अनीश खुर्शीद, अक्षिता गुप्ता, लक्षिता देवी और मरियम फारूक शामिल हैं।

टीम के कोच की भूमिका साहिल शर्मा निभा रहे हैं, जबकि गीता कुमारी को टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है। रवाना होने से पहले टीम को हॉकी जेएंडके के उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह नाग्याल, जसविंदर कौर, रॉबिन सिंह, चरणजीत सिंह और अंजलि ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

हॉकी जेएंडके ने उम्मीद जताई है कि युवा खिलाड़ियों से सजी यह टीम राष्ट्रीय मंच पर राज्य का गौरव बढ़ाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ