जम्मू में सीमा पर पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन, बीएसएफ का एक जवान घायल

“बीएसएफ जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की लेकिन पाकिस्तानी पक्ष में हुए नुकसान का तत्काल पता नहीं चल सका”


जम्मू, 11 सितम्बर :  पाकिस्तानी सैनिकों ने बुधवार को यहां सीमा पर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों पर अकारण गोलीबारी की, जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि बीएसएफ जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन पाकिस्तानी पक्ष में हुए नुकसान का तत्काल पता नहीं चल पाया है।

सीमा सुरक्षा बल के प्रवक्ता ने बताया, "रात करीब 2.35 बजे अखनूर इलाके में सीमा पार से बिना उकसावे के गोलीबारी की घटना हुई, जिसका बीएसएफ ने मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तानी गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया।"

उन्होंने कहा कि जवान पूरी तरह सतर्क हैं तथा अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।

भारत और पाकिस्तान द्वारा 25 फरवरी, 2021 को संघर्ष विराम समझौते को नवीनीकृत करने के बाद से दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम उल्लंघन बहुत दुर्लभ हो गया है। पिछले साल, रामगढ़ सेक्टर में पाकिस्तानी रेंजर्स की गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था, जो तीन साल से अधिक समय में भारतीय पक्ष में जान का पहला नुकसान था।

संघर्ष विराम का यह ताजा उल्लंघन 18 सितंबर को होने वाले तीन चरणीय विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से कुछ दिन पहले हुआ है। दूसरे चरण का चुनाव 25 सितंबर को होगा, जिसके बाद तीसरे चरण का मतदान 1 अक्टूबर को होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ