कुलगाम में भारी बारिश की तबाही से पुलिस ने कई परिवारों को बचाया

पुलिस प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित स्थानों पर पंहुचा रही है तथा सहायता प्रदान कर रही है 


श्रीनगर, 08 जुलाई : दक्षिणी कुलगाम जिले में पुलिस ने जरूरतमंदों की मदद की है तथा भारी बारिश के बाद कई परिवारो के लगभग 100 सदस्यों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा “पुलिस पोस्ट मीरबाजार को वैशो/सैंड्रान नाले के तट पर रहने वाले जदूरा, बुमथन तथा पीरफुराह के लोगों से सहायता के लिए संकटपूर्ण कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कहा गया कि अस्थायी तंबुओं में रहने वाले बड़ी संख्या में परिवारों को तुरंत खाली करने की जरूरत है क्योंकि उनके तंबू पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भारी बारिश के कारण वैशो तथा सैंड्रान नालों के किनारे रहने वाले परिवार अचानक आई बाढ़ के कारण फंस गए"।

तदनुसार, परिवारों को बचाने के लिए एसएसपी कुलगाम की निगरानी में नागरिक प्रशासन, यूटीडीआरएफ के साथ आईसी पीपी मीरबाजार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। संयुक्त टीमों के कड़े प्रयासों से परिवार के सभी सदस्यों को बाहर निकाला गया तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

एक अन्य घटना में, शोड गली काजीगुंड के निवासियों से एक संकटपूर्ण कॉल प्राप्त हुई थी जिसमें कहा गया था कि एक धारा में पानी का बहाव अवरुद्ध होने के कारण पानी आवासीय घरों में घुस गया है।

“तत्काल कार्रवाई करते हुए, नागरिक प्रशासन के साथ SHO पीएस काजीगुंड के नेतृत्व में पुलिस स्टेशन काजीगुंड की एक पुलिस टीम का गठन किया गया, जो उस स्थान पर पहुंची जहां पूरे प्रवाह के साथ पानी आवासीय घरों में प्रवेश कर रहा था तथा लोगों की संपत्ति और जीवन को बड़े नुकसान की आशंका थी"।

कड़े प्रयासों के बाद तथा सभी उपलब्ध साधनों का उपयोग करके पानी को मुख्य धारा में मोड़ दिया गया, जिससे न केवल बाढ़ के पानी को उक्त गांव में प्रवेश करने से रोका गया, बल्कि उक्त क्षेत्र की संपत्ति तथा जीवन की भी रक्षा की गई।

आम जनता, विशेषकर बचाए गए परिवारों ने इस महत्वपूर्ण समय पर त्वरित प्रतिक्रिया तथा सहायता के लिए पुलिस और नागरिक प्रशासन को धन्यवाद दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ