पुंछ में संदिग्ध गतिविधि के बाद सेना ने चलाया तलाशी अभियान


जम्मू- जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के एक गांव में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद सरकारी बलों ने सोमवार को एक तलाशी अभियान चलाया।

उन्होंने बताया कि पुराना गांव के एक निवासी ने तड़के तीन संदिग्ध लोगों की गतिविधि देखी तथा पुलिस को सूचना दी।

अधिकारियों ने कहा कि सेना तथा सीआरपीएफ की मदद से पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और घर-घर तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।

स्थानीय निवासियों ने दावा किया कि एक पखवाड़े में यह दूसरी बार है जब अंधेरे की आड़ में संदिग्ध लोगों की आवाजाही को एक ग्रामीण ने पकड़ा है।

उन्होंने सुरक्षा के लिए गांव में स्थायी सुरक्षा चौकी की भी मांग की।

जनवरी से अब तक तीन अलग-अलग आतंकवादी हमलों में 10 सैनिकों तथा सात नागरिकों की मौत के बाद पुंछ और आसपास के राजौरी जिलों में सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ