जम्मू: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने डोगरा सदर सभा, जम्मू-कश्मीर द्वारा आयोजित मानवता के संदेश सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन के मुख्यअध्यक्ष केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान रहे। आरिफ मोहम्मद खान ने अपने अध्यक्षीय भाषण में विभिन्न धर्मों की सराहना करते हुए कहा कि सदियों से धर्म निरपेक्षता भारतीय समाज की एक प्रमुख विशेषता रही है और डोगरा सदर सभा जैसे संगठन हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति के निहित मूल्यों और परंपराओं का प्रतिनिधित्व करते हैं।
समृद्धि और विकास के लिए एकता की आवश्यकता होती है, हमारा देश अनेकता में एकता का घर है.हमारे देश ने अपनी धरती पर आए हर धर्म का हमेशा स्वागत किया है।साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कई प्रमुख धर्मों का इस भूमि से गहरा संबंध है, जिसके बारे में बहुत से लोग शायद नहीं जानते हैं।
उपराज्यपाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस सम्मेलन ने शांति, सामाजिक समानता और सांप्रदायिक सद्भाव के शाश्वत और सार्वभौमिक संदेश को फैलाने के लिए एक अनूठा मंच प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि विचारकों और व्यक्तियों को दोनों के अपार नैतिक बल का लाभ उठाना चाहिए और समाज के लिए एक समावेशी पारिस्थितिकी तंत्र बनाने में योगदान देना चाहिए। उपराज्यपाल ने कहा कि हम आतंकवाद के खतरे से दृढ़ता से निपट रहे हैं और अपनी धरती से इस खतरे को जड़ से खत्म करने के प्रति आश्वस्त हैं।


0 टिप्पणियाँ