शोपियां, 3 अक्टूबर : दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकवादी मारा गया। उन्होंने बताया कि आतंकवादी की पहचान शोपियां के नौपोरा इलाके के नसीर अहमद भट के रूप में हुई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की विशेष सूचना मिलने के बाद सरकारी बलों ने दक्षिण कश्मीर जिले के बसकुचन इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि जब सुरक्षाबल इलाके में तलाशी ले रहे थे, आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की।
अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों के द्वारा जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हुई जिसमें लश्कर-ए-तैयबा का एक स्थानीय आतंकवादी मारा गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कश्मीर, विजय कुमार ने कहा कि मारा गया आतंकवादी हाल ही में एक मुठभेड़ स्थल से भाग गया था।
कश्मीर ज़ोन पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, “मारे गए आतंकवादी की पहचान नौपोरा बसकुचन शोपियां के नसीर अहमद भट के रूप में हुई, जो लश्कर के आतंकवादी संगठन से जुड़ा था। एके राइफल सहित आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद। वह कई आतंकवादी अपराधों में शामिल था और हाल ही में एक मुठभेड़ से बच गया था।"


0 टिप्पणियाँ