JKRTC: उत्तर भारत के सभी प्रमुख शहरों के लिए चलेंगी जम्मू-कश्मीर की बसें, राज्यों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर

जम्मू , 22 सितम्बर: उत्तर भारत के प्रमुख शहरों तथा जम्मू-कश्मीर के बीच बस संपर्क को और मजबूत किया जाएगा। जम्मू और कश्मीर सड़क परिवहन निगम (JKRTC) उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर करने जा रहा है। इन राज्यों के प्रमुख शहरों के लिए जेकेआरटीसी बस सेवा शुरू होगी।

फिलहाल इन राज्यों के लिए बस सेवा है, लेकिन एमओयू के चलते बसों का समय और रूट तय होगा, जिससे वे बिना किसी परेशानी के चल सकेंगे। JKRTC ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश के साथ करार किया है। इससे दोनों राज्यों के बीच अंतरराज्यीय बस सेवा को मजबूती मिलेगी और नए रूट पर बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।

दोनों राज्य डलहौजी (चंबा) से भद्रवाह, मनाली से लेह, रेवलसर से जम्मू रूट पर बसें शुरू करेंगे। दोनों कंपनियों के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। अब परिवहन विभागों के बीच एमओयू साइन होने के बाद परिचालन शुरू होगा। पुराने रूट भी बहाल किए जाएंगे।

जेकेआरटीसी के एक अधिकारी ने कहा कि हमारे पास उत्तर भारत के कुछ शहरों के लिए बस सेवा अभी है, लेकिन पर्याप्त चैनल के तहत नहीं। हमारे बस चालकों और उन राज्यों के बस चालकों के बीच समय, मार्ग को लेकर हमेशा तनाव रहता है। एमओयू साइन होने से बसों का रूट, टाइमिंग तय हो जायेगा, जिससे परिचालन में आसानी होगी।

अंतरराज्यीय रूट पर चल रही 40 से ज्यादा सरकारी बसें

फिलहाल जम्मू से अंतरराज्यीय रूट पर 40 से ज्यादा सरकारी बसें चलती हैं। इनमें पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। पंजाब और दिल्ली को छोड़कर अन्य राज्यों के लिए सिर्फ दो से तीन बसें हैं। एमओयू पर हस्ताक्षर और नए रूट की अनुमति से जेकेआरटीसी का राजस्व बढ़ेगा और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा भी मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ