कश्मीर की खूबसूरत वादियां अपनी कुदरती सुंदरता के साथ-साथ कला, संस्कृति और अनोखी कहानियों के लिए भी जानी जाती हैं। यहां की जिंदगी, परंपराएं और आम लोगों के संघर्ष में ऐसे कई पहलू छिपे हैं, जिन्हें सिनेमा के जरिए दुनिया के सामने लाया जा सकता है। इसी दिशा में कश्मीर के फिल्मकारों ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है। गोवा में आयोजित होने वाले 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2026 के इंडियन पैनोरमा सेक्शन में कश्मीर की 02 फिल्मों 'स्लेज' (Sledge) और 'नक्श-ए-दौर' (Naqsh-e-Daur) का चयन किया गया है।
यह उपलब्धि कश्मीर के उभरते सिनेमा और स्थानीय फिल्मकारों के लिए एक अहम मौका है। दोनों फिल्में अलग-अलग विषयों के जरिए कश्मीर की सामाजिक जिंदगी, पारिवारिक रिश्तों और समृद्ध पारंपरिक विरासत को बड़े मंच पर पेश करेंगी।
'स्लेज' का होगा एशिया प्रीमियर
कश्मीर से चयनित पहली फिल्म 'स्लेज' है, जिसे राजा शबीर मोहम्मद खान ने निर्देशित किया है। 75 मिनट की यह कश्मीरी फीचर फिल्म गुलमर्ग के नजदीक बर्फ से ढके एक गांव की कहानी पर आधारित है।
फिल्म में हाजिक, ईशेल और राइमा नाम के 3 बच्चों की जिंदगी दिखाई गई है। उनके पिता अली, गुलमर्ग में लकड़ी की स्लेज चलाकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। एक दिन पिता की गैरमौजूदगी में बच्चे खेलते हुए स्लेज को नुकसान पहुंचा देते हैं। उसकी मरम्मत के लिए पैसे जुटाने की कोशिश में वे गुलमर्ग के पर्यटन क्षेत्र में कई मुश्किल हालात से गुजरते हैं।
कहानी में उस वक्त एक दिलचस्प मोड़ आता है, जब बच्चों को पैसों और चॉकलेट से भरा एक खोया हुआ बैग मिलता है। अब उनके सामने अपनी परेशानी दूर करने और बैग उसके असली मालिक तक पहुंचाने के बीच फैसला करने की चुनौती होती है।
फिल्म बचपन, गरीबी, पारिवारिक जिम्मेदारियों और ईमानदारी जैसे विषयों को सामने लाती है। IFFI 2026 में इसका एशिया प्रीमियर होगा। इसके अलावा फिल्म को बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर ऑफ एन इंडियन फीचर फिल्म श्रेणी में भी शामिल किया गया है।
निर्देशक राजा शबीर मोहम्मद खान सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के पूर्व छात्र हैं। उनकी पिछली डॉक्यूमेंट्री 'शेफर्ड्स ऑफ पैराडाइज' को नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिल चुका है।
'नक्श-ए-दौर' में दिखेगी कश्मीर की पारंपरिक नक्काशी
दूसरी चयनित फिल्म 'नक्श-ए-दौर' है। 12 मिनट की इस डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन बाबा तसद्दुक हुसैन ने किया है। फिल्म श्रीनगर के पद्मश्री सम्मान से नवाजे गए प्रसिद्ध अखरोट की लकड़ी के कारीगर गुलाम नबी डार की जिंदगी और उनके हुनर पर आधारित है।
गुलाम नबी डार 6 दशकों से अधिक समय से लकड़ी पर बारीक नक्काशी के पारंपरिक काम से जुड़े हुए हैं। डॉक्यूमेंट्री में उनके हुनर, खूबसूरत डिजाइनों और इस विरासत को जिंदा रखने की कोशिशों को दिखाया गया है।
फिल्म इस बात की तरफ भी ध्यान दिलाती है कि कश्मीर की पारंपरिक वुड कार्विंग कला को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी की भागीदारी कितनी जरूरी है। बदलते वक्त में जब कम नौजवान इस पेशे की तरफ आ रहे हैं, ऐसे में गुलाम नबी डार जैसे कारीगरों का अनुभव और उनका काम सांस्कृतिक विरासत को समझने का अहम जरिया है।
कश्मीरी सिनेमा के लिए नई उम्मीद
इन दोनों फिल्मों का IFFI 2026 के इंडियन पैनोरमा में चयन कश्मीर की स्थानीय प्रतिभाओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाला है। एक तरफ 'स्लेज' के जरिए गुलमर्ग के आम परिवार और बच्चों की जिंदगी दिखाई गई है, वहीं 'नक्श-ए-दौर' कश्मीर की सदियों पुरानी हस्तकला और सांस्कृतिक पहचान को सामने लाती है।
कश्मीर में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती, लोककथाएं, सांस्कृतिक विरासत और समाज की वास्तविक कहानियां फिल्मकारों को नए विषय प्रदान करती हैं। जरूरत है कि स्थानीय युवाओं को फिल्म निर्माण, निर्देशन, अभिनय और तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें।
यकीनन, 'स्लेज' और 'नक्श-ए-दौर' का यह चयन कश्मीर के लिए गर्व का मौका है। यह कामयाबी बताती है कि वादी की कहानियां अपनी जमीन से जुड़ी रहकर भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंच सकती हैं।


0 टिप्पणियाँ