पुलवामा के पांपोर स्थित बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा फदीला फरीन का चयन अमेरिका के प्रतिष्ठित केनेडी-लुगर यूथ एक्सचेंज एंड स्टडी (YES) कार्यक्रम के तहत युवा राजदूत के रूप में हुआ है। उन्हें वसंत सत्र 2027 के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका जाने का अवसर मिला है। उनकी यह उपलब्धि कश्मीर की नई पीढ़ी, विशेषकर छात्राओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।
फदीला की इस कामयाबी पर पुलवामा के उपायुक्त के.के. सिधा ने उन्हें सम्मानित किया और मुबारकबाद पेश की। उन्होंने इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया। फदीला के चयन से उनके परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
केनेडी-लुगर यूथ एक्सचेंज एंड स्टडी कार्यक्रम एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान पहल है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अमेरिका में रहकर वहां की शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक जीवन और विभिन्न गतिविधियों को करीब से समझने का अवसर मिलता है। यह अनुभव युवाओं की सोच को व्यापक बनाने और अलग-अलग समाजों के बीच आपसी समझ को बढ़ावा देने में मददगार होता है।
फदीला की कामयाबी कश्मीर की हर बेटी के नाम एक पैगाम है। यह बताती है कि किसी छोटे शहर या कस्बे से ताल्लुक रखने वाला विद्यार्थी भी बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकता है। कामयाबी के रास्ते में न तो जगह की दूरी रुकावट बननी चाहिए और न ही सीमित संसाधन किसी के हौसले को कमजोर करने चाहिए। असल ताकत इंसान की मेहनत, लगन, तालीम और आगे बढ़ने के जज्बे में होती है।
कश्मीर के नौजवानों के लिए भी इसमें एक अहम सबक छिपा है। आज का दौर केवल किताबों तक सीमित रहने का नहीं, बल्कि नए हुनर सीखने, अपनी जानकारी बढ़ाने, भाषा और संवाद की क्षमता विकसित करने तथा अंतरराष्ट्रीय अवसरों की तलाश करने का है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपनी पढ़ाई को संजीदगी से लें, विभिन्न छात्रवृत्तियों और शैक्षिक कार्यक्रमों की जानकारी हासिल करें और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार कोशिश करते रहें।
वहीं, अभिभावकों और शिक्षकों से भी यह उम्मीद है कि वे अपने बच्चों के ख्वाबों को परवाज़ देने में उनका साथ दें। खासकर बेटियों को तालीम और अपनी काबिलियत साबित करने के बराबर मौके मिलें, ताकि वे भी समाज और मुल्क का नाम रोशन कर सकें।
फदीला फरीन की यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत कामयाबी नहीं, बल्कि कश्मीर की बदलती सोच, बढ़ती शैक्षिक आकांक्षाओं और नई पीढ़ी के बुलंद इरादों की एक खूबसूरत मिसाल है।
याद रखिए, मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके ख्वाबों में जान होती है। कश्मीर के नौजवानों को अपने हुनर पर भरोसा रखना होगा, क्योंकि दुनिया के बड़े मंच किसी एक शहर या इलाके के लिए महदूद नहीं हैं। मेहनत कीजिए, तालीम हासिल कीजिए और अपने ख्वाबों को हकीकत में बदलने का हौसला रखिए। कल की पहचान आज के आपके इरादों से बनेगी।


0 टिप्पणियाँ