कश्मीर की तालीम ने भरी वैश्विक उड़ान, 28 मुल्कों के 43 तलबा का SKUAST-K में इस्तकबाल


कश्मीर की वादी अब अपनी खूबसूरती, मेहमाननवाज़ी और तहज़ीब के साथ-साथ इल्म, तालीम और तहक़ीक़ के मैदान में भी दुनिया भर में अपनी पहचान बना रही है। इसी सिलसिले में शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी ऑफ कश्मीर (SKUAST-K) ने एक और अहम कामयाबी अपने नाम की है। यूनिवर्सिटी ने 28 मुख्तलिफ मुल्कों से आए 43 अंतरराष्ट्रीय तलबा का इस्तकबाल किया। 16 नवंबर 2026 को श्रीनगर के शालीमार कैंपस में इस सिलसिले में एक खास ओरिएंटेशन और इंटरेक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया।

यह पेशरफ्त कश्मीर के शैक्षणिक सफर के लिए निहायत अहमियत रखती है। यूनिवर्सिटी के मुताबिक, SKUAST-K में मुल्क की तमाम कृषि यूनिवर्सिटियों के मुकाबले सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय तलबा दाखिल हैं। इतना ही नहीं, जम्मू-कश्मीर की सभी यूनिवर्सिटियों में भी विदेशी तलबा के नामांकन के लिहाज से इसे पहला मुकाम हासिल है। यह कामयाबी इस बात की गवाही देती है कि कश्मीर का शैक्षणिक मेयार और कृषि अनुसंधान अब अंतरराष्ट्रीय सतह पर भी अपनी जगह बना रहा है।

'Global Welcome: Connecting Cultures, Inspiring Excellence, Building Global Leaders' के उनवान से आयोजित इस प्रोग्राम का एहतमाम डायरेक्टरेट ऑफ एजुकेशन के इंटरनेशनल एजुकेशन सेल की जानिब से किया गया। इसका मकसद नए तलबा को यूनिवर्सिटी के तालीमी माहौल, इंतज़ामी ढांचे और दस्तियाब सहूलतों से रूबरू कराना था। साथ ही उन्हें अपने तजुर्बात, ख्यालात और उम्मीदें एक-दूसरे के साथ साझा करने का मौका भी फराहम किया गया।

इस मौके पर वाइस चांसलर प्रोफेसर नज़ीर अहमद गनई ने खिताब करते हुए कहा कि SKUAST-K अब एक क्षेत्रीय शैक्षणिक इदारे से आगे बढ़कर वैश्विक पहचान बनाने की राह पर गामज़न है। उन्होंने उच्च शिक्षा में अंतरराष्ट्रीय ताल्लुकात, तालीमी तबादले और तहक़ीक़ी इश्तराक की अहमियत पर रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि मुख्तलिफ मुल्कों और संस्कृतियों से ताल्लुक रखने वाले तलबा की मौजूदगी यूनिवर्सिटी के तालीमी माहौल को और वसीअ बनाती है।

डायरेक्टर एजुकेशन डॉ. के. एन. कैसर ने भी विदेशी तलबा को बेहतर और मददगार शैक्षणिक माहौल मुहैया कराने की अहमियत उजागर की। प्रोग्राम के दौरान प्रोफेसर एम. डी. शाह ने मेहमान तलबा का खैरमकदम किया और यूनिवर्सिटी के तालीमी कार्यक्रमों का तआरुफ पेश किया। इसके बाद तलबा ने अपना परिचय दिया और अपने तजुर्बात, उम्मीदों तथा तालीमी सफर से जुड़ी बातों को साझा किया।

प्रोग्राम में विदेशी तलबा के लिए दस्तियाब सहूलतों और मददगार इंतज़ामों पर भी एक खास सत्र रखा गया। डॉ. एम. एम. किरमानी और प्रोफेसर एम. अनवर ने तलबा के सवालात के जवाब दिए और उन्हें यूनिवर्सिटी की तरफ से फराहम की जाने वाली सहूलतों से आगाह किया।

यकीनन, 28 मुल्कों के 43 तलबा का SKUAST-K से जुड़ना पूरी वादी के लिए फख्र की बात है। इससे कश्मीर के स्थानीय तलबा को भी मुख्तलिफ मुल्कों के तालीमी तजुर्बात, तहज़ीब और ख्यालात से सीखने का मौका मिलेगा। यह पेशरफ्त इस बात का पैगाम है कि कश्मीर के नौजवानों के लिए इल्म, मेहनत और तहक़ीक़ के जरिए दुनिया के दरवाज़े खुल रहे हैं। वादी का यह तालीमी सफर आने वाले वक्त में कश्मीर को एक अहम अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मरकज़ के तौर पर उभारने में मददगार साबित हो सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ